Mahindra XUV 7XO ने लॉन्च होने के सिर्फ सात महीने में ही बड़ी कामयाबी हासिल कर ली है. कंपनी के मुताबिक, अब तक इसकी 70,000 गाड़ियां कस्टमर्स तक पहुंच चुकी हैं. यानी हर महीने औसतन करीब 10,000 XUV 7XO की डिलीवरी हुई है. XUV 7XO की कीमत 13.66 लाख रुपये से शुरू होकर 24.92 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है. बाजार में इसका सीधा मुकाबला Tata Safari, MG Hector Plus और Hyundai Alcazar जैसी तीन-रो वाली SUVs से है.
सिर्फ 7 महीने में 70 हजार कस्टमर्स तक पहुंची 7XO
यह आंकड़ा इसलिए भी खास है क्योंकि कंपनी सिर्फ बुकिंग की बात नहीं कर रही, बल्कि उसके मुताबिक 70,000 गाड़ियां कस्टमर्स को दी जा चुकी हैं. XUV 7XO को जनवरी 2026 में XUV700 के नए और अपडेटेड मॉडल के तौर पर लॉन्च किया गया था. अब सिर्फ सात महीने में इतनी डिलीवरी से साफ है कि लोगों के बीच इस SUV की अच्छी मांग है.
XUV 7XO की कहानी समझने के लिए XUV700 को देखना जरूरी है. XUV700 को Mahindra ने एक ऐसी SUV के तौर पर पेश किया था, जिसमें 7 लोगों के बैठने की जगह, पेट्रोल और डीजल इंजन, ऑटोमैटिक गियर और ढेर सारे फीचर्स मिलते थे. XUV 7XO में भी यही खूबियां देखने को मिलती हैं. Mahindra ने इसका लुक, अंदर का डिजाइन और फीचर्स जरूर बदले हैं, लेकिन इंजन को पहले जैसा ही रखा है.
ये भी पढ़ें: पहली कार खरीदने का है प्लान? ₹10 लाख के अंदर ये 5 कारें दे सकती हैं पैसा वसूल पैकेज, Maruti की 3 गाड़ियां लिस्ट में
पावर के लिए पेट्रोल और डीजल दोनों ऑप्शन मौजूद
XUV 7XO में Mahindra ने 2.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल और 2.2-लीटर टर्बो-डीजल इंजन का ऑप्शन बरकरार रखा है. पेट्रोल इंजन 203 bhp की पावर और 380 Nm तक का टॉर्क देता है, जबकि डीजल इंजन वेरिएंट के हिसाब से 185 bhp तक की पावर और 450 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. दोनों इंजन के साथ 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का ऑप्शन मिलता है. वहीं, डीजल के चुनिंदा वेरिएंट में ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) का ऑप्शन भी दिया गया है.
कैबिन में मिलते हैं कई प्रीमियम फीचर्स
कैबिन में भी 7XO को बड़ा अपडेट मिला है. इसके ऊपरी वेरिएंट्स में डैशबोर्ड पर तीन 12.3-इंच की स्क्रीन दी गई हैं. इसके अलावा पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, पावर्ड फ्रंट सीट्स, 16-स्पीकर Harman Kardon ऑडियो सिस्टम और Level 2 ADAS जैसे फीचर्स भी मिलते हैं. हालांकि, ये सभी फीचर्स हर वेरिएंट में नहीं मिलेंगे. अलग-अलग वेरिएंट्स और कीमतों के साथ Mahindra 7XO को ज्यादा से ज्यादा कस्टमर्स की जरूरत और बजट के हिसाब से पेश कर रही है.
ये भी पढ़ें: पेट्रोल-डीजल छोड़िए, बड़ी फैमिली के लिए ये 3 इलेक्ट्रिक कार हैं बेस्ट ऑप्शन, मिलती है 679km तक की रेंज
