कार का AC नहीं दे रहा ठंडी हवा? बिना मेकैनिक के ऐसे करें फिक्स

गर्मी में कार का एसी कम ठंडा कर रहा है? जानिए आसान घरेलू टिप्स जिनसे आप बिना मैकेनिक के केबिन फिल्टर, वेंट्स और कंडेंसर साफ कर बेहतर कूलिंग पा सकते हैं.

गर्मी शुरू होते ही कार का एसी सबसे जरूरी फीचर बन जाता है. लेकिन कई बार ऐसा होता है कि एसी चलाने के बावजूद ठंडी हवा नहीं मिलती और ड्राइविंग मुश्किल हो जाती है. ऐसे में ज्यादातर लोग सीधे सर्विस सेंटर भागते हैं, जबकि कुछ आसान उपाय ऐसे भी हैं जिन्हें अपनाकर आप घर पर ही एसी की कूलिंग बेहतर कर सकते हैं. सही जानकारी और थोड़ी समझदारी से आप बिना खर्च किए अपनी कार का एसी काफी हद तक ठीक कर सकते हैं.

केबिन फिल्टर साफ करना है सबसे पहला काम

कार के एसी की कूलिंग कम होने की सबसे बड़ी वजह गंदा केबिन फिल्टर होता है. यह फिल्टर डैशबोर्ड या ग्लव बॉक्स के पीछे लगा होता है और बाहर की धूल को अंदर आने से रोकता है. समय के साथ इसमें गंदगी जमा हो जाती है, जिससे एयर फ्लो कम हो जाता है. अगर फिल्टर बहुत ज्यादा गंदा हो, तो उसे बदलना ही बेहतर रहता है. साफ फिल्टर एसी की परफॉर्मेंस तुरंत सुधार देता है.

वेंट्स और कंडेंसर की सफाई से बढ़ेगी कूलिंग

कई बार एसी के वेंट्स में धूल जम जाती है, जिससे हवा सही तरीके से नहीं निकलती. ऐसे में ब्रश या एयर ब्लोअर से वेंट्स की सफाई करना जरूरी है. इसके अलावा कंडेंसर, जो कार के फ्रंट में होता है, उसमें भी मिट्टी और कीचड़ जमा हो जाती है. इसे हल्के पानी के प्रेशर से साफ करने पर एसी की कूलिंग बेहतर हो जाती है.

एसी चलाने का सही तरीका भी है जरूरी

अक्सर लोग कार स्टार्ट करते ही एसी को फुल स्पीड पर चला देते हैं, जो सही तरीका नहीं है. पहले कुछ मिनट के लिए कार की खिड़कियां खोल दें और सिर्फ फैन चलाएं, ताकि अंदर की गर्म हवा बाहर निकल जाए. इसके बाद एसी ऑन करें. इससे कूलिंग जल्दी और बेहतर मिलती है, और एसी सिस्टम पर भी कम दबाव पड़ता है.

कब जरूरी है मेकैनिक की मदद?

अगर ऊपर बताए गए तरीकों के बाद भी एसी ठंडा नहीं कर रहा है, तो समस्या गंभीर हो सकती है. कई बार रेफ्रिजरेंट गैस कम हो जाती है या कंप्रेसर में खराबी आ जाती है. ऐसे मामलों में खुद से ठीक करने की कोशिश न करें और सीधे सर्विस सेंटर पर दिखाएं, ताकि बड़े नुकसान से बचा जा सके.

छोटी-छोटी चीजें, बड़ा फायदा

कार का एसी खराब होने का मतलब हमेशा बड़ी समस्या नहीं होता. कई बार छोटी-छोटी सफाई और सही इस्तेमाल से ही कूलिंग बेहतर हो जाती है. अगर आप इन आसान टिप्स को अपनाते हैं, तो गर्मियों में भी आपकी ड्राइव ठंडी और आरामदायक बनी रह सकती है.

यह भी पढ़ें: कार में एसी से ज्यादा तेल जलाती है खुली खिड़की, यहां समझें इसकी पूरी साइंस

यह भी पढ़ें: मॉनसून से पहले अपनी कार को कैसे रखें फिट? जरूर जान लें ये बातें

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajeev Kumar

राजीव, 14 वर्षों से मल्टीमीडिया जर्नलिज्म में एक्टिव हैं. टेक्नोलॉजी में खास इंटरेस्ट है. इन्होंने एआई, एमएल, आईओटी, टेलीकॉम, गैजेट्स, सहित तकनीक की बदलती दुनिया को नजदीक से देखा, समझा और यूजर्स के लिए उसे आसान भाषा में पेश किया है. वर्तमान में ये टेक-मैटर्स पर रिपोर्ट, रिव्यू, एनालिसिस और एक्सप्लेनर लिखते हैं. ये किसी भी विषय की गहराई में जाकर उसकी परतें उधेड़ने का हुनर रखते हैं. इनकी कलम का संतुलन, कंटेंट को एसईओ फ्रेंडली बनाता और पाठकों के दिलों में उतारता है. जुड़िए rajeev.kumar@prabhatkhabar.in पर

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >