T20 World Cup : मेंटर बनाये जाने के चंद घंटों के अंदर विवादों में आये धोनी, लगा गंभीर आरोप

Prabhat khabar Digital

पूर्व खिलाड़ी और भारत को टी20 में वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले कप्तान महेंद्र सिंह धोनी मेंटर बनाये जाने के चंद घंटों के अंदर विवादों में आ गये हैं. एमएस पर गंभीर आरोप लगाये जा रहे हैं.

| twitter

दरअसल बीसीसीआई को पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की टी20 विश्व कप के लिये भारतीय टीम के मेंटर के तौर पर नियुक्ति के खिलाफ एक शिकायत मिली है. जिसमें लोढ़ा समिति की सिफारिशों के हितों के टकराव के नियमों का हवाला दिया गया है.

| twitter

मध्य प्रदेश क्रिकेट संघ के पूर्व आजीवन सदस्य संजीव गुप्ता ने शीर्ष परिषद के सदस्यों को एक पत्र भेजा है कि धोनी की नियुक्ति हितों के टकराव के नियमों का उल्लघंन है. जिसमें एक व्यक्ति दो पदों पर काबिज नहीं हो सकता.

| twitter

गुप्ता पहले भी खिलाड़ियों और प्रशासकों के खिलाफ हितों के टकराव की कई शिकायतें दर्ज करा चुके हैं. धोनी इंडियन प्रीमियर लीग फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान भी हैं. धोनी की शिकायत करते हुए बीसीसीआई के संविधान की धारा 38 (4) का हवाला दिया है जिसके अनुसार एक व्यक्ति दो अलग अलग पदों पर काम नहीं कर सकता.

| twitter

बीसीसीआई सचिव जय शाह ने बुधवार को टी20 विश्व कप के लिये भारतीय टीम की घोषणा की थी और इसी मौके पर धोनी को इस आईसीसी टूर्नामेंट के लिये टीम का मेंटर नियुक्त किया गया था.

| twitter

भारतीय क्रिकेट के इतिहास में सबसे सफल कप्तानों में शुमार विकेटकीपर बल्लेबाज धोनी की अगुवाई में भारत ने दो विश्व कप खिताब - दक्षिण अफ्रीका में 2007 टी20 विश्व कप और भारत में 2011 वनडे विश्व कप - जीते हैं.

| twitter

धोनी इस समय अपनी आईपीएल टीम चेन्नई सुपर किंग्स के साथ हैं और संयुक्त अरब अमीरात में 19 सितंबर से बहाल होने वाली टी20 लीग की तैयारियों में जुटे हैं. पिछले साल 15 अगस्त को इंस्टाग्राम पोस्ट पर धोनी के संन्यास की घोषणा ने विश्व क्रिकेट को हैरान कर दिया था और इसके बाद से उन्होंने एक बार भी इसके बारे में बात नहीं की है.

| twitter