हिमाचल प्रदेश में एक साथ होने वाले लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव से पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की प्रतिक्रिया आई है.
प्रियंका गांधी ने विश्वास जताया है कि हिमाचल प्रदेश के लोग उनकी पार्टी को समर्थन देंगे और सत्य की जीत होगी.
प्रियंका ने कहा कि एक तरफ सत्ता के लिए धनबल और एजेंसियों के माध्यम से लोकतंत्र को खत्म करने वाली बीजेपी की राजनीति है.
वहीं दूसरी ओर सत्य, साहस और धैर्य से जनता के लिए अथक परिश्रम करने का कांग्रेस का संकल्प है.
प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि मैं हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के सभी नेताओं से मिली. उनकी एकजुटता, मेहनत एवं मजबूती से चुनाव लड़ने के जज्बे और जनता के प्रति उनके समर्पण पर मुझे गर्व है.
हिमाचल प्रदेश में एक जून को लोकसभा चुनाव के साथ छह विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव होंगे.
बागी कांग्रेस विधायकों को अयोग्य ठहराए जाने के बाद हिमाचल प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव कराने जरूरी हो गए हैं.
हिमाचल प्रदेश में चार लोकसभा सीट हमीरपुर, मंडी, शिमला और कांगड़ा हैं। भाजपा ने 2019 में सभी चार सीट पर जीत हासिल की थी.
बाद में, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह ने तत्कालीन सांसद राम स्वरूप शर्मा के निधन के बाद 2021 में हुए उपचुनाव में मंडी सीट भाजपा से छीन ली थी.