मुंबई: रिलायंस लाइफ इंश्योरेंस कंपनी (आरएलआईसी) ने अपने वितरण चैनल के लिये 200 महिला बीमा सलाहकारों को नियुक्त किया है.
कंपनी की आने वाले कुछ महीनों में और लोगों की नियुक्ति करने की योजना है. रिलायंस लाइफ ने ग्राहकों से आमने सामने बातचीत के लिये ‘फेस-टू-फेस’ वितरण चैनल शुरु करने की घोषणा की है. इसके साथ ही नियुक्ति की जानकारी दी गई. इसका उद्देश्य उन ग्राहकों की मदद करना है जिनके एजेंट निष्क्रिय हो गये हैं.
कंपनी ने बयान में कहा, ‘‘रिलायंस लाइफ इंश्योरेंस ने पायलट परियोजना के तहत सात शहरों में करीब 200 महिला कर्मचारियों को नियुक्त किया है. साथ ही कंपनी की अगले कुछ महीनों में नियुक्ति की योजना है.’’ अनिल अंबानी की अगुवाई वाले रिलायंस समूह की वित्तीय सेवा कंपनी रिलायंस कैपिटल की इकाई आरएलआईसी ने कहा कि इस नये ‘फेस-टू-फेस’ वितरण चैनल से कंपनी के ग्राहकों को सेवा देने के साथ पालिसीधारकों को बिक्री बाद की सेवा उपलब्ध कराएंगे.
Post new comment