निर्मल बाबा ने डीएलएफ को दिये 49 करोड़

।। विजय पाठक ।।
रांची : निर्मलजीत सिंह नरूला उर्फ निर्मल बाबा ने देश की बड़ी रीयल एस्टेट कंपनी डीएलएफ रेजीडेंसी को एक माह में 49 करोड़ रुपये दिये हैं. सारी रकम ड्राफ्ट के माध्यम से दी गयी है. ड्राफ्ट पंजाब नेशनल बैंक में निर्मलजीत सिंह नरूला के नाम से खोले गये खाते (नंबर 1546000102129694) से बनाये गये हैं. बाबा ने इस कंपनी को एक दिन में 34.12 करोड़ का भुगतान किया है.

28 अप्रैल को चार ड्राफ्ट बनवाये : निर्मल बाबा ने इस कंपनी को सात से 28 अप्रैल के बीच पांच बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से भुगतान किया. सात अप्रैल को बाबा ने अपने निजी खाते से इस कंपनी के नाम 14.88 करोड़ रुपये का ड्राफ्ट बनवाया था. इसके बाद 28 अप्रैल को चार ड्राफ्ट बनवाये. इनमें दो ड्राफ्ट 2.06-2.06 करोड़ के थे. जबकि दो अन्य बैंक ड्राफ्ट 15-15 करोड़ के थे.

पणजी भेजे दो ड्राफ्ट : इसके अलावा निर्मल बाबा ने अपने इसी निजी खाते से 2.05 करोड़ और नौ करोड़ के दो बैंक ड्राफ्ट बनावाये. दोनों ड्राफ्ट गोवा की राजधानी पणजी भेजे गये. 26 अप्रैल को 2.05 करोड़ रुपये और नौ करोड़ के ड्राफ्ट 10 मई को बनवाये गये थे.

क्या है डीएलएफ रेजीडेंसी : डीएलएफ रेजीडेंसी रीयल एस्टेट के व्यापार से जुड़ी देश की बड़ी कंपनियों में से एक है. कंपनी का मुख्य काम जमीन को आवासीय व व्यावसायिक भवनों के रूप में विकसित कर उसे बेचना है. यह कंपनी फिलहाल तीन तरह के आवासीय कांप्लेक्स बना रही है.

इसमें सुपर लग्जरी, लग्जरी और प्रीमियम होम्स शामिल हैं. कंपनी सुपर लग्जरी आवास के छह प्रोजेक्ट चला रही है. दो दिल्ली में, तीन गुड़गांव और एक शिमला में है. कंपनी के पास लग्जरी होम्स के नौ प्रोजेक्ट हैं.

इसमें गुड़गांव में पांच, दिल्ली, चेन्नई, कोच्ची और चंडीगढ़ में एक -एक प्रोजेक्ट शामिल है. कंपनी के पास प्रीमियम होम्स के 14 प्रोजेक्ट (गुड़गांव में तीन, बेंगलुरु में दो, दिल्ली में दो और हैदराबाद, लखनऊ, पंचकुला, कोच्ची, इंदौर व कोलकाता में एक-एक) हैं.

- बाबा ने दायर की जमानत याचिका
* आज होगी सुनवाई
पटना : निर्मल बाबा ने पटना हाइकोर्ट में अंतरिम जमानत याचिका दायर की है. बाबा को आशंका है कि उन्हें किसी भी समय गिरफ्तार किया जा सकता है. न्यायाधीश समरेंद्र प्रताप सिंह की अदालत में इस पर मंगलवार को सुनवाई होगी.

निर्मल बाबा के अधिवक्ता विंध्याचल सिंह ने अदालत से आग्रह किया है कि जब तक अररिया की जिला अदालत में उनकी याचिका पर फैसला नहीं हो जाता, तब तक उन्हें अंतरिम जमानत दे दी जाये. अररिया जिला अदालत ने उनकी जमानत याचिका की सुनवाई करते हुए केस डायरी की मांग की है.

फारबिसगंज में दर्ज है धोखाधड़ी का मामला
पटना : निर्मल बाबा के खिलाफ फारबिसगंज के राकेश कुमार ने धोखाघड़ी का मामला दर्ज कराया है. इसमें कहा गया है कि छह फरवरी से चार मार्च के बीच निर्मल दरबार के एकाउंट में उन्होंने तीन चेक जमा कराये.

निर्मल बाबा ने अपने दरबार के बारे में कहा है कि इसमें किसी भी तरह का कष्ट दूर होता है, यदि पैसे जमा कराये जायें. राकेश ने आरोप लगाया है कि पैसे जमा कराने के बाद भी उसका कोई कार्य सिद्ध नहीं हुआ. इसी मामले में अररिया जिला अदालत ने निर्मल बाबा के खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी किया है.

कौन हैं निर्मल बाबा

निर्मल बाबा के निजी खाते में आये 2.28 अरब

निर्मल बाबा ने गिरफ्तारी वारंट को चुनौती दी 

निर्मल बाबा ने निकाले 61 करोड़ 

- पांच ड्राफ्टों के जरिये किया भुगतान

* रीयल एस्टेट के व्यापार से जुड़ी देश की बड़ी कंपनी है
* सात से 28 अप्रैल के बीच दिये पैसे
* गोवा की राजधानी पणजी में भेजे 11.05 करोड़
 

तिथि रकम
सात अप्रैल 2012 14.88 करोड़
 28 अप्रैल 2012 2.06 करोड़
28 अप्रैल 2012 2.06 करोड़
28 अप्रैल 2012 15  करोड़
28 अप्रैल 2012 15 करोड़

 

This Article Posted on: May 22nd, 2012

Post new comment

The content of this field is kept private and will not be shown publicly.
Image CAPTCHA
Enter the characters shown in the image.