पटना : कंकड़बाग थाने के चिरैयाटांड़ ओवरब्रिज के पास सोमवार की देर रात करंट लगने से दो युवकों की मौत हो गयी. युवकों के नाम पंचम (17) और रोहित (16) हैं. पंचम कंकड़बाग का, जबकि रोहित सिमरिया (बिहटा) का रहनेवाला था. ये दोनों पास के ही किराना दुकान में काम करते थे.
काम कर लौट रहे थे दोनों
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों किराना दुकान से काम करके साइकिल से घर जा रहे थे. इसी क्रम में दोनों तिवारी बेचर गली में एक गड्ढे में गिर गये. उस गड्ढे में पहले से करंट प्रवाहित हो रही थी, जिस कारण दोनों युवक उसकी चपेट में आ गये.
दोनों युवकों को लड़खड़ाते देख आस-पास के लोग इकट्ठा हो गये. फ़िर बिजली काट कर दोनों को गड्ढे से निकाला गया. स्थानीय लोग दोनों युवकों को पास के निजी अस्पताल में ले गये, जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.
गुस्साये लोगों ने किया प्रदर्शन
दोनों युवकों की मौत के बाद स्थानीय लोगों ने कंकड़बाग पुराने बाइपास को जाम कर देर रात तक प्रदर्शन किया. इस दौरान लोगों ने सड़क पर आग जला कर प्रदर्शन किया. इससे सड़क की दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गयीं.
स्थानीय लोग कंकड़बाग पुलिस पर लापरवाही बरतने और थानाध्यक्ष के शराब की नशे में होने की बात कह रहे थे. लोगों को प्रदर्शन करते देख सिटी एसपी कीम, नगर डीएसपी रमाकांत प्रसाद सहित कई अफ़सर वहां पहुंचे.
बाद में भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करनी पड़ा, तब जाकर सड़क जाम खत्म हुआ. इस दौरान पुलिस ने वहां मौजूद महिलाओं व बच्चों पर भी लाठियां चटकायीं.
शवों को पुलिस ने लिया कब्जे मेंइधर, पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया. पंचम के पिता जगदीश चौधरी को तुरंत घटना की सूचना मिल गयी और वे आ भी गये. रोहित के परिवारवालों को भी पुलिस ने सूचना दी, जिसके बाद वे तुरंत पटना के लिए घर से रवाना हो गये.
अब तक कोई ऑफ़िसियल जानकारी नहीं मिली है. जब जानकारी मिलेगी, तो मुआवजा संबंधित निर्णय लिया जायेगा हरेराम पांडेय, प्रवक्ता सह निदेशक, जनसंपर्क, बिजली बोर्ड
- प्रदर्शनकारियों से भिड़ीं सिटी एसपी
करंट से युवकों मौत के बाद प्रदर्शन कर रहे लोगों व सिटी एसपी किम के बीच झड़प हो गयी. बात इतनी बिगड़ गयी कि सिटी एसपी ने एक महिला पर थप्पड़ जड़ दिया. इससे पूर्व पुलिस उस महिला के लड़के को इस आरोप में पीट रही थी कि उसी ने लोगों को उकसा कर प्रदर्शन व आगजनी करायी.
अपने लड़के को पीटते देख महिला गुस्सा गयी और उसके बचाव में आ गयी. इस बीच सिटी एसपी उससे उलझ गयीं व उसे थप्पड़ जड़ दिया. जवाब में महिला ने भी सिटी एसपी पर हाथ चला दिया.
दोषियों पर होगी कार्रवाई : इधर, सिटी एसपी ने कहा कि जो लोग इसके लिए दोषी हैं, उन पर कार्रवाई होगी. जिस ठेकेदार ने सड़क के किनारे गड्ढा खोद दिया था, उस पर भी कार्रवाई की जायेगी. मौत के बाद सड़क पर प्रदर्शन करना सही नहीं है. इसमें जो लोग दोषी होंगे, उन पर भी कार्रवाई की जायेगी.
कोई सिटी एसपी से यह पूछे कि वह पहले कहाँ सो रही थीं। उनकी जिम्मेदारी नहीं है कि वे यह देखें कि कहाँ बिजली का करंट प्रवाहित हो रहा है। केवल वीआईपी लोगों की खुशामद से फुर्सत मिले तब तो ये लोग कुछ कर पाएँ।
Post new comment