मुंबई : आइपीएल-थ्री को शुरू हुए अभी सिर्फ़ तीन ही दिन हुए हैं लेकिन ट्वेंटी-20 के इस तूफ़ानी टूर्नामेंट की खुमारी ने बॉलीवुड के दिग्गज सितारों को अपनी आगोश में ले लिया है. आइपीएल का सुरूर इस कदर सिने सितारों के सिर चढ़ कर बोलने लगा है कि अभिषेक बच्चन से दीया मिर्जा तक अपनी पसंदीदा टीमों के समर्थन में माइक्रो ब्लॉगिंग वेबसाइट ट्विटर पर हाले दिल बयां कर रहे हैं. किंग्स इलेवन पंजाब और दिल्ली डेयरडेविल्स के मुकाबले को लेकर ऊहापोह में फ़ंसे फ़िल्म निर्माता कुणाल कोहली ने लिखा है कि दोनों टीमें अच्छी हैं. किसी एक का चुनाव मुश्किल है. फ़िर भी मैं पंजाब के साथ हूं. हालांकि कल मोहाली में हुए इस मैच में डेयर डेविल्स ने रोमांचक जीत हासिल कर ली थी. टीमों को समर्थन के मसले पर खुद को टुकड़ों में बंटा पाकर राहुल बोस ने ट्विट किया  मैं आधा बंगाली और आधा पंजाबी-मराठी हूं लेकिन मेरी जिंदगी मुंबई से है और मैं आजीवन मुंबई इंडियंस के साथ हूं. मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की टीम मुंबई इंडियंस की नयी जर्सी पर फ़िदा छोटे बी अभिषेक बच्चन ने कहा कि मुंबई इंडियंस की जर्सी गजब की है. थ्री इडियट्स से लोकप्रियता का आसमां छू चुके आर माधवन को भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी की टीम चेन्नई सुपरकिंग्स से थोड़ी सी शिकायत भी है. वह लिखते हैं कि सभी टीमों को शुभकामनाएं. उम्मीद है चेन्नई धमाल करेगी. हां, मुङो बुरा लगा कि टीम ने मुङो अपना ब्रांड अम्बेस्डर बनाने की कोशिश नहीं की. जन्मभूमि की ममता और कर्मभूमि के मोह में उलझी खूबसूरत अभिनेत्री दीया मिर्जा लिखती हैं कि मैं दीया, हैदराबाद से हूं. डेक्कन चार्जर्स का समर्थन कर रही हूं. अब  मैं मुंबई में रह रही हूं. मैं निश्चय ही मुंबई इंडियंस का भी समर्थन करूंगी. बाजीगर खान के केकेआर की आइपीएल थ्री में पहली जीत पर खुशी जताते हुए राजस्थान रॉयल्स की मालकिन शिल्पा शेट्टी ने भी ट्विटर पर लिखा है कि केकेआर को बधाई. आप जीत के हकदार थे. करण जौहर ने भी किंग खान के समर्थन में लिखा है, हिज नेम इज शाहरूख. वह हमेशा धूम मचाते हैं. बढ़िया शाहरूख. और अच्छा करो. |