सिंगापुर : इंडोनेशिया, पाकिस्तान और जापान में आज मध्यम से लेकर उच्च तीव्रता वाले भूकंप के झटके महसूस किये गये. पाकिस्तान के मौसम विभाग के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.7 मापी गयी. मौसम विभाग ने बताया कि भूकंप के झटके लाहौर और उसके आसपास के क्षेत्रों में महसूस किये गये. इसका केन्द्र लाहौर से पूर्व दिशा में 178 किलोमीटर दूर भारतीय सीमा में स्थित था. वहीं जापान में आज 6.6 तीव्रता वाले भूकंप के तेज झटके महसूस किये गये. भूगर्भ सर्वेक्षण के अनुसार उत्तरी जापान में आये इस भूकंप से राजधानी टोक्यो की भी इमारतें हिल गयीं. अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण और जापानी एजेंसी ने बताया कि भूकंप से जानमाल के नुकसान की फ़िलहाल कोई जानकारी नहीं मिली है. इंडोनेशिया के समुद्री इलाके में 6.4 तीव्रता वाले भूकंप के तेज झटके महसूस किये गये. प्रशांत क्षेत्र के सुनामी चेतावनी केन्द्र ने कहा कि भूकंप से विनाशकारी सुनामी की आशंका नहीं है, लेकिन स्थानीय स्तर पर सुनामी की मामूली लहरें उठने की संभावना है. इस बीच इंडोनेशिया भूगर्भ सर्वेक्षण एवं मौसम विभाग ने बताया कि भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7.0 मापी गयी और इसका केन्द्र दक्षिणपूर्वी शहर लाबुहा से 132 किलोमीटर दूर उत्तरी गोलक्कास में 56 किलोमीटर की गहरायी में स्थित था. यहां भी भूकंप से किसी तरह के नुकसान की कोई सूचना नहीं है. |