मुंबई : एंजेलो मैथ्यूज (नाबाद 65) और ओवैश शाह (नाबाद 58) के तेज तर्रार अर्धशतकों की बदौलत कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने शुक्रवार से प्रारंभ हुए इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल-3) के उदघाटन मैच में पिछले चैंपियन डेक्कन चार्जर्स को  11 रनों से हराकर जीत के साथ अपना अभियान शुरू किया. कोलकाता नाइट राइडर्स ने डेक्कन को 162 रनें की चुनौती दी थी, लेकिन उनकी टीम निर्धारित ओवरों में सात विकेट पर 150 रन ही बना सकी. डेक्कन चार्जर्स के कप्तान एडम गिलक्रिस्ट ने सिर्फ 35 गेंदों पर तीन चौके तथा तीन छक्के की सहायता से अपनी टीम की ओर से सर्वाधिक 54 रन बनाये, लेकिन उन्हें अन्य खिलाड़ियों का सहयोग नहीं मिल सका.        इससे पूर्व पहले खेलते हुए 4 विकेट पर 161 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया. डीवाइ पाटील स्पोर्ट्स एकेडमी में धूमधाम के साथ शुरू हुए मैच में चार्जर्स के कप्तान एडम गिलक्रिस्ट ने टॉस जीतने के बाद पहले क्षेत्ररक्षण का फ़ैसला किया. श्रीलंकाई पेसर चामिंडा वास ने पहले ही ओवर की पहली ही गेंद पर ओपनर मनोज तिवारी को आउट किया और उसके बाद चौथी गेंद पर कप्तान सौर गांगुली को चलता करके गिली के फ़ैसले को सही साबित  किया.  केकेआर को शुरुआती झटकों से उबरने में समय जरूर लगा, लेकिन ब्रैड हॉज (13) और नवोदित चेतेश्वर पुजारा (10) के सस्ते में निपटने के बाद शाह और मैथ्यूज ने पारी को जीवटता के साथ संभाला. हॉज नौ गेंदों में एक छक्का और एक चौका लगाने के बाद जसकरण सिंह की गेंद हर्षेल गिब्स को थमा बैठे जबकि पुजारा 16 गेंदों में दो चौके जड़ने के बाद आरपी सिंह की गेंद पर प्रज्ञान ओझा के हाथों लपके गये.  शाह ने 46 गेंदों की अपनी पारी में तीन चौके और तीन छक्के जड़े जबकि मैथ्यूज ने इतनी ही गेंदों में पांच चौके और चार छक्के लगाये. बीस ओवर की इस पारी में श्रीमान अतिरिक्त का योगदान 15 रन रहा. |