दुबई  कहते हैं कि अगर आप कुछ गलत करते हैं तो अंतरात्मा आपको हमेशा ग्लानि का एहसास कराती रहती है कि आपने कुछ गलत किया है. कुछ ऐसा ही सऊदी अरब में देखने को मिला. सऊदी अरब के यह्या अल असमारी ने 21 साल पहले एक बच्चे को कार से कुचल दिया था और घटनास्थल से फरार हो गया था. इतना लंबा समय बीतने के बावजूद यह दर्दनाक घटना असमारी की अंतरात्मा को हमेशा कचोटती रही, जिसे देखते हुए उसने अंतत अपना अपराध कबूलने का फैसला किया. असमारी रविवार को नेशनल सोसाइटी फॉर ह्यूमन राइट्स के कार्यालय गये और 21 वर्ष पहले रियाद में एक बच्चे को कुचल देने के अपराध को स्वीकार कर लिया. सऊदी गजट समाचार पत्र के मुताबिक इस स्वीकारोक्ति के बाद असमारी ने कहा कि मैंने अपने जीवन में ना ही व्यवसायिक और न ही सामाजिक सफलता हासिल की. मेरा ज्यादातर जीवन पश्चाताप के आंसुओं में बीता है.        उसने कहा कि घटना के वक्त मैं कुछ भी नहीं कर सका.  मैंने एक बच्चे के ऊपर अपनी गाड़ी चढ़ा दी थी. वहां से गुजर रहे एक अन्य कार चालक बच्चे की मदद के लिए घटनास्थल पर रुके, लेकिन मैं अपनी कार से भाग निकला. |