नयी दिल्ली : भारतीय मुक्केबाजों का ईरान की राजधानी तेहरान में चल रही एशियाई युवा मुक्केबाजी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन जारी है और पांच मुक्केबाज अपने अपने वजन वर्ग के फ़ाइनल में पहुंच गए हैं. भारतीय मुक्केबाजी संघ द्वारा यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार देवेन्द्रो सिंह लैसराम (48 किग्रा), वी नागार्जुन (57 किग्रा), विकास कृष्ण (60 किग्रा), सुमित सागवान (75 किग्रा) और नवीन (81किग्रा) मंगलवार रात को खेले गए सेमीफ़ाइनल मुकाबले जीतकर अपने अपने भार वर्ग के फ़ाइनल में पहुंचकर भारत के लिए कम से कम रजत पदक पक्के कर लिए हैं. देवेन्द्रो ने फ़िलीपींस के एंगबर्ट मोरालाई को 5-0 से हराया. नागार्जुन ने किर्गीस्तान के हुर्साल्टन पेजीलोव को 8-1 से हराया. कृष्ण ने चीन के फ़ेई हेंग को 9-0 से हराया और सागवान ने थाईलैंड के सिकोरेई छूजिट को 2-0 से हराया. नवीन उजबेकिस्तान के बेगालीव साद्रोबेक को हराया. हालांकि श्रीनिवास सुब्रेती 51 किग्रा वर्ग में सेमीफ़ाइनल मुकाबला हार गए और उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा. हरपाल सिंह (64 किग्रा), मनोज कुमार (91 किग्रा) और रजत (91 प्लस किग्रा) वर्ग के अपने अपने सेमीफ़ाइनल मुकाबले हार गए. इन सभी खिलाड़ियों को कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा. |