नयी दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) में पाकिस्तानी खिलाड़ियों का पक्ष लेने के कारण शिव सेना के विरोध का सामना कर रहे बालीवुड सुपरस्टार शाहरूख खान का कहना है कि मुंबई केवल मराठी लोगों का नहीं बल्कि सभी भारतीयों का है. कोलकाता नाइटराइडर्स टीम के मालिक शाहरूख खान ने आज एक टेलीविजन चैनल पर प्रसारित साक्षात्कार में कहा कि देश सबसे पहले है. उन्होंने कहा कि पेशा, जिंदगी और भविष्य मुंबई से जुड़ी है. उन्होंने सब कुछ मुंबई में ही पाया है. इसलिये वह किस तरह से मुंबई विरोधी हो सकते है. यह पूछे जाने पर कि वह पिछले 20 साल से मुंबई में हैं और अब वह पूरी तरह से मुंबईकर हैं तो उन्होंने क्या यह साबित करने के लिये कि वह सही मायने में मुंबईकर हैं मराठी सीख ली, शाहरूख खान ने कहा कि वह भाषा के मामले में बहुत कमजोर हैं. उन्हें दक्षिण भारतीय भाषायें बोलनी नहीं आने के कारण उन्हें दक्षिण भाषा की फ़िल्मों में काम नहीं मिलता है, लेकिन उनके बच्चे जो मुंबई में ही पले- बढ़े हैं वे स्वभाविक तौर पर मराठी जानते हैं. उन्होंने कहा कि मराठी नहीं जानने के बाद भी वह अन्य मुंबईकर की तरह सौ फ़ीसदी मुंबईकर हैं. वह यह नहीं मानते कि मराठी नहीं जानना मुंबईकर होने का कोई आधार होना चाहिये. किंग खान के रूप में मशहूर शाहरूख ने कहा कि हम सभी भारतीयों को भारतीय होने के रूप में ही सोचना चाहिये अन्यथा कल को जय दिल्ली, जय बिहार, जय गुजरात, जय बंगाल और जय महाराष्ट्र कहने लगेंगे. |