नयी दिल्ली  आंतरिक सुरक्षा पर मुख्यमंत्रियों के तीसरे सम्मेलन में गृह मंत्री पी चिदंबरम ने राज्यों को सतर्क, चौकस और सुरक्षा क्षमता बढ़ाने को कहा. इसके लिए आवश्यक कदम उठाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा  नक्सलवाद गंभीर चुनौती बना हुआ है. 2009 में नक्सली हमलों में हताहत नागरिकों की संख्या बढ़ी है. नक्सलियों के कब्जेवाले क्षेत्रों को छीनने की सुरक्षा बलों की कोशिशें जारी हैं. इसके मद्देनजर यह रुझान अभी आगे भी बना रह सकता है. उन्होंने विश्वास जताया कि धीरे-धीरे संबद्ध राज्य सरकारें नक्सलियों पर बढ़त हासिल करती जायेंगी. नागरिक, प्रशासनिक पुनस्र्थापना में कामयाब होंगी. पाक अधिकृत कश्मीर के मुजफ्फ़राबाद में लश्कर-ए-तैयबा, हिज्ब और अन्य आतंकी संगठनों की चार फरवरी को हुई बैठक का जिक्र करते हुए कहा  ये सभी भारत के कट्टर विरोधी हैं. हिंसा व सामूहिक संहार इनके हथियार हैं. इनका इरादा कश्मीर पर जबरन कब्जा करने का है. |