पेइचिंग : चीन के शांगडोंग प्रांत के हुचेंग से पुरातत्ववेत्ताओं ने डायनासोर के तीन हजार से ज्यादा पैरों के निशान की खोज की है. चीन की सरकारी संवाद समिति के अनुसार निशान उस जगह पाये गये जहां प्राचीन जन्तुओं की हड्डियों के अवशेष बहुतायत में पाये जाते हैं. पैरों के ये निशान 10 करोड़ साल पुराने हैं. तीन महीनों की खुदायी के बाद इन निशानों का पता लगाया जा सका है. शनिवार को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार पैरों के ये निशान10 से 80 सेटींमीटर लंबे हैं और करीब छह अलग- अलग डायनासोरों के हैं. चीन की विज्ञान अकादमी के वरिष्ठ इंजीनियर वांग हायजुंन के अनुसार पैरों के ये निशान एक ही दिशा की ओर हैं. श्री वांग ने कहा कि इससे यह लगता है कि किसी अन्य आक्रमणकारी जन्तु से डरकर ये डायनासोर इस स्थान से पलायन कर गये. डायनासोर शहर के नाम से जाने जानेवाले हुयेंग में पुरात्तव वेत्ताओं ने 30 स्थानों पर डायनासोरों के अवशेष प्राप्त किये हैं. वर्ष 1964 से इस क्षेत्र में अवशेषों का पता लगाने के लिये दोबार बड़ी खुदायी की गयी. विशेषज्ञों का मानना है कि इस सघन क्षेत्र में डायनासोर से जुड़ी इतनी सारी जानकारी हासिल होने से इस बात का पता लगाया जा सकता है कि लाखों साल पहले ये विशालतम जानवर किस तरह से विलुप्त होते गये इस क्षेत्र में जीवाश्म पार्क बनाये जाने की भी योजना है.