झारग्राम : शीर्ष माओवादी नेता व पोलित ब्यूरो सदस्य कोटेश्वर राव उर्फ किशन जी ने अपने संगठन के खिलाफ़ सुरक्षा बलों के अभियान के विरोध में सात फ़रवरी से चार राज्यों में 72 घंटे के बंद का आह्वान किया है. बंद झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल व ओड़िशा में प्रभावी होगा. बंद के संबंध में शुक्रवार को यहां के एक पीसीओ से मीडिया कार्यालयों को फ़ैक्स भेजा गया. मालूम हो कि केंद्रीय गृह मंत्री पी चिदंबरम नौ फ़रवरी को इन चारों राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ माओवादियों के खिलाफ़ चलाये जा रहे संयुक्त बलों के ऑपरेशन के संबंध में चर्चा करने के लिए कोलकाता आ रहे हैं. तृणमूल कांग्रेस को भेजे गये पांच पन्नों के फ़ैक्स में कहा गया है जंगल महल क्षेत्र में  माओवादियों के खिलाफ़ अभियान में शामिल तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर भी जनता की अदालत द्वारा दोषी पाये जाने पर तुरंत कार्रवाई की जायेगी. |