न्यूयॉर्क : अमेरिकी स्टॉक एक्सचेंज नैस्डैक में सोमवार की सुबह भारतीय फिल्मों के दीवानों के लिए खास होगी. वहां काम की शुरुआत सिल्वर स्क्रीन की स्टार जोड़ी शाहरुख खान और काजोल घंटी बजा कर करेंगे. यह पहला मौका होगा जब किसी भारतीय स्टार को इस ओपनिंग बेल को बजाने के लिए बुलाया गया है. यह इन दोनों की नयी फिल्म माइ नेम इज खान के प्रमोशन का हिस्सा है. खान और काजोल अमेरिका में फिल्म के वितरक फॉक्स सर्चलाइट पिक्चर्स के प्रतिनिधि के तौर पर यह बेल बजायेंगे. अमूमन यह मौका कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के लिए रिजर्व होता है और इसे दुनिया भर के कई टेलीविजन चैनलों पर लाइव दिखाया जाता है. अब तक कई हिट फिल्में दे चुकी इस जोड़ी की नयी फिल्म माइ नेम इज खान 12 फरवरी को रिलीज हो रही है. |