जन्मदिवस 16 जनवरी  परविशेष
 
मुंबई  अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त अभिनेता कबीर बेदी बॉलीवुड की उन चुनींदा हस्तियों में शामिल हैं, जिन्होंने न केवल हिंदी फ़िल्मों और रंगमंच पर विभिन्न भूमिकाओं को सहजता और खूबसूरती के साथ निभाया, बल्कि विदेशी फ़िल्मों और टेलीविजन धारावाहिकों में भी अपने बहुआयामी अभिनय के प्रतिमान गढ़े. 16 जनवरी, 1946 को पंजाब में जन्मे कबीर बेदी इस साल 64 साल के हो जायेंगे. बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन की तरह उनका कैरियर भी अभी थमा नहीं है. इस वर्ष वह काइट्स फ़िल्म में अपने अभिनय का जलवा बिखरते नजर आयेंगे. कबीर बेदी को हिंदी फ़िल्मों में काम करते हुए लगभग 38 साल हो चुके हैं. उन्हें बॉलीवुड में वह कामयाबी नसीब नहीं हुई, जो हॉलीवुड और विदेशी भाषाओं की फ़िल्मों और टेलीविजन धारावाहिकों में मिली. अमेरिका और कई अन्य यूरोपीय देशों में वह काफ़ी लोकप्रिय हैं.कबीर बेदी का ताल्लुक उस परिवार से रहा है, जिसने देश की आजादी के आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभायी थी. उनकी मां फ्रेडा बेदी ने बाद में तिब्बती बौद्ध धर्म अपना लिया था और पिता बाबा प्यारे लाल सिख धर्म से जुड़े विषयों के लेखक और दार्शनिक थे, जिनका पहले सिख गुरु की वंश परंपरा से ताल्लुक था. कबीर बेदी अब तक 60 से अधिक हिंदी फ़िल्मों में काम कर चुके हैं. इनमें ऐतिहासिक फ़िल्म ताजमहल ऐन इंटरनल लव स्टोरी में उन्होंने मुगल बादशाह शाहजहां की भूमिका निभायी थी. इसके अलावा उन्होंने कच्चे धागे, खून भरी मांग और मैं हूं ना में कुछ महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभायीं.कबीर बेदी अपने निजी जीवन में रोमांसों के लिए प्रसिद्ध रहे हैं. उन्होंने तीन बार शादी की और तलाक लिये. उनका पहला विवाह प्रसिद्ध ओडिसी नृत्यांगना प्रोतिमा बेदी. दूसरा ब्रिटिश मूल की फ़ैशन डिजाइनर सूजन हंफ्रीज और तीसरा विवाह टेलीविजन और रेडियो प्रेजेंटर निक्की बेदी से हुआ. बीच-बीच में फ़िल्म अभिनेत्री परवीन बाबी और लंदन की एक महिला परवनी डूसां से भी उनके रामांस की खबरें उड़ीं. कबीर बेदी को रंगमंच, फ़िल्म और टेलीविजन में उल्लेखनीय योगदान के लिए कई देशी-विदेशी पुरस्कार मिल चुके हैं. |