उदयपुर : राखी सावंत का स्वयंवर रचाने के बाद एनडीटीवी इमेजिन अपनी दूसरी पारी की शुरुआत करने के लिए पूरी तरह तैयार है. राहुल महाजन को अपनी दुल्हनियां की तलाश है. इस तलाश में उनका हमसफर बन रहा है एनडीटीवी इमेजिन. एनडीटीवी इमेजिन के इस नये शो का प्रसारण (स्वयंवर सीजन 2, राहुल दुल्हनिया ले जायेगा) एक फरवरी से सोमवार से शुक्रवार रात आठ बजे से किया जायेगा. सिटी ऑफ लेक कहे जानेवाले उदयपुर के फतेहगढ़ राजमहल में आयोजित एक भव्य समारोह में चैनल ने इसकी औपचारिक घोषणा की. समारोह में होस्ट की भूमिका राम कपूर ने निभायी,जो इस शो में भी राहुल के साथ-साथ ही नजर आयेंगे. समारोह में इमेजिन के कम्युनिकेशंस विभाग के उपाध्यक्ष निखिल माधौक ने प्रभात खबर से बातचीत के दौरान बताया कि स्वयंवर सीजन वन को दर्शकों ने बेहद पसंद किया. इसलिए हम एक बार फिर राहुल का स्वयंवर रचाने जा रहे हैं. इस बार यह सिर्फ स्वयंवर नहीं शादी होगी. राहुल से शादी करने के लिए भारत व विदेशों से कुल 16000 ल़ड़कियों के प्रस्ताव आये थे, जिसमें हमने 15 दुल्हनों का चुनाव किया है. प्रस्तावित दुल्हनों के प्रोफाइल एक से बढ़ कर एक हैं. खूबसूरती के साथ-साथ वे शैक्षणिक रूप से भी योग्य हैं. राहुल ने खास तौर से लड़कियों के गुणों को प्राथमिकता दी है.  राहुल ने बताया कि उनकी मां की ओर से उसे इस शो का हिस्सा बनने के लिए तभी इजाजत मिली, जब उन्होंने मां से वादा किया कि वह इन 15 लड़कियों में से किसी एक के साथ शादी जरूर करेगा.  राहुल बताते हैं कि वे अपनी शादी को शाहरुख-गौरी की तरह आइडियल शादी के रूप में देखना चाहते हैं, क्योंकि अब तक इंडस्ट्री में यही बेस्ट जोड़ी है. क्या राहुल अपनी जीवनसंगिनी को शादी के बाद भी जॉब करने की इजाजत देंगे, राहुल ने कहा कि हां, क्यों नहीं.  इससे पहले राखी ने भी शादी की घोषणा की थी, पर शादी तो हुई नहीं. जवाब में राहुल का कहना था कि शो से पहले शो के दौरान और जब तक यह शो चलता रहेगा, मुङो पता है कि यह सवाल मुझसे हर बार पूछा जायेगा. किसने क्या किया, इस पर मुङो कुछ नहीं कहना. मैं बस इतना जानता हूं कि मैं शादी करने आया हूं. शादी करके लौटूंगा. गौरतलब है कि 15 संभावित दुल्हनों का चुनाव एक सीक्रेट ऑडिशन प्रक्रिया सखोल द्वारा किया गया था. |