नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह कल फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस परेड में शामिल होने के लिए आज फ्रांस की राजधानी पेरिस के लिए रवाना हो गए. डॉ सिंह फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने वाले डॉ सिंह पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे. पिछले वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारत आए फ्रांस के राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी ने डॉ सिंह को अपने यहां राष्ट्रीय दिवस पर मुख्य अतिथि के तौर पर आने का निमंत्रण दिया था. इस परेड में भारतीय सेना के 400 जवान भी हिस्सा ले रहे हैं. फ्रांस के राजदूत जेरोम बोनाफ़ौंट ने कहा है कि यह फ्रांस और भारत के बीच परस्पर घनिष्ट सहयोग का प्रतीक है. |